पंचकूला मर्डर न्यूज़: पंचकूला के सेक्टर-21 से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कथित तौर पर उसकी ही घरेलू सहायिका (नौकरानी) ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद शव को घर की तीसरी मंजिल की छत पर छिपा दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सेक्टर-20 थाना प्रभारी (एसएचओ) यशदीप सिंह ने बताया कि नीरा अपने पति, सेवानिवृत्त सेना के कप्तान मनमोहन के साथ पंचकूला के सेक्टर-21 में रहती थीं, जबकि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं।
पुलिस को सोमवार शाम मनमोहन की ओर से शिकायत मिली, जिसमें उन्होंने बताया कि नीरा घर वापस नहीं लौटी हैं।
शिकायत के अनुसार, घर से गहने गायब होने के बाद नीरा को शक था कि उनकी घरेलू सहायिका सुनीता ने ही गहनों की चोरी की है।
नौकरानी ने की मालकिन की हत्या
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला के घर से कुछ गहने गायब होने के बाद उन्होंने पिछले लगभग 10 वर्षों से उनके यहां काम कर रही नौकरानी से पूछताछ की थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर नौकरानी ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर की तीसरी मंजिल की छत पर छिपा दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
बदबू आने पर हुआ खुलासा
करीब तीन दिन बाद घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छत से बुजुर्ग महिला का शव बरामद किया। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने नौकरानी, उसके पति और बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक महिला की हुई पहचान
मृतक महिला की पहचान नीरा (71 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित मकान नंबर 366 में अपने पति के साथ रहती थीं। उनके तीनों बच्चे विदेश में रहते हैं। जानकारी के अनुसार, घरेलू सहायिका और उसका परिवार मकान नंबर 483 में रहता था तथा केयरटेकर का भी काम करता था। आरोप है कि हत्या करने के बाद आरोपियों ने महिला के शव को उसी मकान की तीसरी मंजिल पर छिपा दिया।
