फरीदाबाद: महिला टीचर की हत्या के पीछे दो महीने की साजिश, 32 सेकेंड में किए 34 वार

faridabad-woman-teacher-murder-case-accused-planned-for-two-months-34-knife-attacks-in-32-seconds faridabad-woman-teacher-murder-case-accused-planned-for-two-months-34-knife-attacks-in-32-seconds

फरीदाबाद के गांव सिकरौना स्थित एक निजी स्कूल में महिला शिक्षिका संध्या की हत्या के मामले में जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित पिछले करीब दो महीने से इस वारदात की योजना बना रहा था। उसने पहले ही एक स्थानीय कारीगर से चाकू खरीद लिया था और सही मौके का इंतजार कर रहा था।

जांच में सामने आया कि अमित गांव में दूध सप्लाई का काम करता था। घटना वाले दिन उसने पहले अपना रोज का काम पूरा किया और फिर सुनियोजित तरीके से स्कूल पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो महीनों से संध्या की दिनचर्या और स्कूल आने-जाने के समय पर नजर रखे हुए था। चूंकि संध्या अक्सर अपने पति के साथ स्कूल आती-जाती थीं, इसलिए उसे मौका नहीं मिल पा रहा था। लेकिन 3 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे जब उसे अवसर मिला, तो उसने स्कूल की गैलरी में महज 32 सेकेंड के भीतर 34 बार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संध्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि पुलिस हत्या की पूरी साजिश, चाकू की खरीद, रेकी और वारदात की तैयारी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

स्कूल में पढ़ाने के दौरान हुई थी पहचान

पुलिस जांच में सामने आया कि संध्या (33) और आरोपी अमित (21) की पहचान करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उस समय संध्या गांव कोट के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। यह स्कूल किराए की इमारत में संचालित होता था और अमित के रिश्तेदारों से जुड़ा होने के कारण उसका वहां अक्सर आना-जाना रहता था। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी।

पति को छोड़ने का बनाता था दबाव

जांच में यह भी सामने आया कि संध्या ने काफी समय पहले अमित से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी थी। इसके बावजूद अमित लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश करता रहा। बताया जा रहा है कि बार-बार परेशान किए जाने के कारण संध्या ने अपना फोन तक रखना बंद कर दिया था। इतना ही नहीं, आरोपी ने संध्या के पति विक्की को जान से मारने की धमकी भी दी थी और संध्या पर पति को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बनाता रहा।

पहले भी हो चुका था विवाद

सूत्रों के अनुसार, जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि किसी समय संध्या आरोपी अमित के साथ कुछ दिनों के लिए बाहर गई थीं। बाद में वह अपने पति विक्की और बच्चों के साथ रहने लगीं। इसके बाद अमित लगातार उन्हें अपने साथ रहने के लिए मजबूर करता रहा। इसी विवाद को लेकर उसने पहले संध्या के पति के साथ मारपीट भी की थी।

बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद को लेकर गांव में दो बार पंचायत भी हुई थी। दोनों बार अमित ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली थी, जिसके कारण उस समय पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया था।

10 साल पहले हुई थी लव मैरिज

डबुआ कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय संध्या ने करीब 10 साल पहले फिरोजपुर कलां निवासी विक्की से प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो बच्चे हैं—एक 9 वर्षीय बेटा और 7 वर्षीय बेटी। पूरा परिवार गांव में साथ रहता था। संध्या एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं, जबकि उनके पति विक्की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।

चाकू के निशान गिनने में लगे 30 मिनट

पुलिस के अनुसार, अमित ने महज 32 सेकेंड में संध्या पर 34 बार चाकू से हमला किया। इनमें से करीब 10 वार गर्दन और उसके आसपास के हिस्से पर किए गए। डॉक्टरों ने बताया कि शरीर पर इतने अधिक घाव थे कि सभी चोटों की गिनती करने में लगभग 30 मिनट का समय लग गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश, तैयारी और अन्य पहलुओं से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *